Social Activity BSP
बेलतरा (Social Activity BSP)।
अशोकनगर–बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क सुधार, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की जांच की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अशोकनगर–बिरकोना मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उड़ती धूल और बारिश के दौरान कीचड़ एवं जलभराव की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे आमजन में भय और नाराजगी का माहौल है।
अंकित गौरहा ने आरोप लगाया कि गर्मी के दिनों में सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ने से लोगों को सांस और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बारिश में सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे।
ज्ञापन में क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है और गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। कांग्रेस ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई के बाद पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। हाल के दिनों में यहां कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें से कुछ घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी अमित फणनवीस ने स्वयं पहल करते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गड्ढों के आसपास रेडियम और बांस लगाकर अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की। इसके बाद कुछ हद तक हादसों में कमी आई, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग अब भी मौके से नदारद हैं।
कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत, धूल नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद











.jpeg)

